पीटीएस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, 222 नवआरक्षक बने पुलिस परिवार का हिस्सा

May 19, 2026 - 22:44
 0  15
पीटीएस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, 222 नवआरक्षक बने पुलिस परिवार का हिस्सा

उमरिया।  पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) उमरिया में मंगलवार को 39वें नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।  देशभक्ति,अनुशासन और सेवा भावना से ओतप्रोत इस समारोह में 222 नवआरक्षकों ने शानदार परेड प्रस्तुत कर पुलिस सेवा में अपने कदम मजबूती से बढ़ाए।  समारोह की मुख्य अतिथि शहडोल जोन की पुलिस महानिरीक्षक सुश्री एन.चैत्रा (भा.पु.से.) ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं की अनुशासनबद्ध प्रस्तुति की सराहना की।  वहीं पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय उमरिया के पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य (रा.पु.से.) ने सभी नवआरक्षकों को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की शपथ दिलाई।  दीक्षांत परेड की कमान नवआरक्षक शुभम लोधा और टूआईसी संदीप वर्मा ने संभाली।  परेड के दौरान प्रशिक्षण सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

          मुख्य अतिथि सुश्री एन.चैत्रा ने प्रशिक्षण सत्र के सफल संचालन के लिए पीटीएस उमरिया के पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य एवं उनकी पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशिक्षित और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास कायम करता है।  कार्यक्रम के बाद पीटीएस परिसर में मुख्य अतिथि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी उमरिया द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।  कार्यक्रम के अंत में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती लवली सोनी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। 

          समारोह के बाद पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रशिक्षण सत्र की उपलब्धियों और प्रशिक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।  इस अवसर पर जिले के पत्रकार, गणमान्य नागरिक, विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षणार्थियों के परिजन तथा पीटीएस उमरिया के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow