कलेक्टर के उपस्थिति में विश्व रेडक्रॉस दिवस पर सेवा, समर्पण और मानवता का भव्य सम्मान समारोह आयोजित
उमरिया। विश्व रेडक्रॉस दिवस (08 मई 2026) के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा उमरिया द्वारा सेवा, समर्पण एवं मानवता को समर्पित एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में समाज सेवा, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही सामाजिक संस्थाओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान समाजहित में निरंतर कार्य कर रही संस्थाओं एवं व्यक्तियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण का प्रतीक है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया की अध्यक्ष एवं कलेक्टर उमरिया श्रीमती राखी सहाय का जिला रेड क्रॉस सोसाइटी प्रबंध समिति के पदाधिकारीयों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्मान किया गया तत्पश्चात उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा करना है और जिले में विभिन्न सामाजिक संस्थाएं इसी भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं एवं आमजन मिलकर सेवा कार्यों में सहभागिता निभाएं। श्रीमती राखी सहाय ने जिले में रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, आपदा सहायता एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवाभावी संगठन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सभी सम्मानित संस्थाओं एवं समाजसेवियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय बने रहने की अपील की।
सर्वप्रथम जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव राकेश शर्मा ने रेडक्रॉस की गतिविधियों एवं जिले में संचालित सामाजिक अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि रेडक्रॉस सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण एवं समाज सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। साथी जिले में सेवा कार्यों में संलग्न सभी सामाजिक संस्थाओं का स्वागत करते हुए उनके द्वारा किए गए कार्यों को सराहा एवं प्रशंसा की।
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी उमरिया के सभापति अखिलेश त्रिपाठी ने रेडक्रॉस के इतिहास, उद्देश्यों एवं मानवीय सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेडक्रॉस विश्व का सबसे बड़ा मानवीय संगठन है, जो संकट एवं आपदा की परिस्थितियों में बिना किसी भेदभाव के लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि जिले में रेडक्रॉस द्वारा स्वास्थ्य, रक्तदान, जनजागरूकता एवं सामाजिक सहयोग से जुड़े अनेक कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, सभापति ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जिले भर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित गतिविधियों एवं सेवा कार्यों को उपस्थितजनों के समक्ष विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, महिला एवं बाल कल्याण गतिविधियां, आपदा राहत कार्य एवं विभिन्न जनहितकारी अभियानों की जानकारी साझा की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें सेवा भारती उमरिया, एम पी फार्मासिस्ट एसोसिएशन उमरिया, राम भगत सेवा समिति उमरिया, युवा टीम उमरिया, माँ बिरासिनी सेवा समिति, श्री राधे गोविंदम गौसेवा संस्थान उमरिया, समाज सेवी सचिन गुप्ता सहित अन्य सेवाभावी संगठनों एवं कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित संस्थाओं द्वारा जिले में रक्तदान अभियान, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति अभियान, गौसेवा, जरूरतमंदों की सहायता, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग, जल संरक्षण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। कई संस्थाएं वर्षों से लगातार समाजहित में निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रही हैं, जिनकी सेवाओं को रेडक्रॉस द्वारा मंच प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज सेवा ही सच्ची मानवता है और यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया की प्रबंधन समिति के सदस्य योगेश द्विवेदी द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन नीरज चंदानी द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी सम्मानित संस्थाओं एवं समाजसेवियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यह संदेश दिया गया कि “मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” और रेडक्रॉस इसी भावना के साथ समाजहित में निरंतर कार्य करता रहेगा।
What's Your Reaction?