नर्मदापुरम में गौ सेवा को नई दिशा - अजय सिंह राजपूत बने जिला अध्यक्ष
नर्मदापुरम। समाजसेवा और गौ संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय श्री कुबेर राज गौ सेवा संगठन मध्यप्रदेश ने नर्मदापुरम जिले में अपने संगठनात्मक विस्तार को मजबूती देते हुए पत्रकार अजय सिंह राजपूत को जिला अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महंत श्री तेजू बाबा जी के द्वारा संभाग अध्यक्ष मनमोहन राजपूत की अनुशंसा पर की गई है।
नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अजय सिंह राजपूत ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल एक कार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का मूल आधार है, और इसके संरक्षण हेतु वे जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
अजय सिंह राजपूत पत्रकारिता क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य के रूप में सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि अजय सिंह राजपूत के अनुभव और सक्रियता से नर्मदापुरम जिले में गौ सेवा, संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
अंत में उन्होंने संगठन के मूल मंत्र "गौ सेवा धर्म मेरा, गौ रक्षा कर्म मेरा" को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?