सांसद दर्शन सिंह ने की वरिष्ठ नेताओं से विस्तृत चर्चा
नर्मदापुरम-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मध्य प्रदेश भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ संगठनात्मक एवं जनहित के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।
बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर गंभीर मंथन किया गया। इस अवसर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और सरकार की नीतियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
सांसद श्री चौधरी ने बैठक में अपने लोकसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ध्यान किसानों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने विशेष रूप से गेहूं एवं चना उपार्जन व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं पारदर्शी बनाने, किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति, नई योजनाओं की आवश्यकता तथा जल प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को भी विस्तार से रखा। सांसद ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ होने से किसानों की उत्पादकता में वृद्धि होगी और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उपार्जन व्यवस्था एवं सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार साझा किए और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय एवं जनसंपर्क में सशक्त भूमिका निभाने का मार्गदर्शन दिया।
अंत में सांसद श्री चौधरी ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास, किसानों की समृद्धि और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
What's Your Reaction?