नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में निकली मां काली की शृंगार यात्रा में हिंदू मुस्लिम एकता मंच ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

Mar 24, 2026 - 22:16
 0  18
नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में निकली मां काली की  शृंगार यात्रा में हिंदू मुस्लिम एकता मंच ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

हिंदू मुस्लिम एकता मंच ने पुष्प वर्षा कर पेश की भाईचारे की मिसाल

उमरिया।  नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब पंचमी के दिन ओम काली समिति, जिला उमरिया द्वारा मां काली की भव्य शृंगार यात्रा निकाली गई। यह विशाल यात्रा मंगल भवन से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करती हुई काली मंदिर से होते हुए दुर्गा मंदिर खलेसर में विधिवत सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरे शहर में ढोल नगाड़ों के साथ चुनरी यात्रा लेकर भक्तों की भीड़ उमड़ी और जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत और पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा शहर धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

           इस दौरान हिंदू मुस्लिम एकता मंच ने एक बार फिर सामाजिक समरसता और भाईचारे का अनोखा उदाहरण पेश किया। संस्थापक मो. असलम शेर एवं संगठन के संयोजक राजेंद्र कोल के निर्देशानुसार मंच के सदस्यों ने काली मंदिर के पास यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की। मंच के इस स्वागत से न केवल यात्रा में शामिल श्रद्धालु भाव-विभोर हुए, बल्कि समाज में एकता और सौहार्द का मजबूत संदेश भी गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से नसरीन, कृष्ण कांत तिवारी, मो. मंसूर, आकाश द्विवेदी, साबिर खान,काजल वर्मा, रोहिनी श्याम, लीलावती रावत सहित हिंदू मुस्लिम एकता मंच के कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow