समय पर नहीं हुआ सर्वे तो कांग्रेस करेगी आंदोलन — शकील खान
उमरिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव एवं किसान कांग्रेस उमरिया के ज़िलाध्यक्ष शकील खान ने कहा कि इस वर्ष उमरिया जिले में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे धान, मक्का, अरहर सहित अन्य तैयार फसलें सड़ने लगी हैं। जिले के किसान अब निराशा में हैं क्योंकि लगातार बारिश ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है।
श्री खान ने कहा कि किसान पहले ही समय पर खाद और यूरिया न मिलने से परेशान थे, अब फसल बर्बादी ने उनकी स्थिति और भी दयनीय बना दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि सरकार तत्काल उमरिया जिले में प्रभावित गांवों का सर्वे कराए और किसानों को मुआवज़ा एवं राहत राशि प्रदान करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर सर्वे कार्य शुरू नहीं किया गया और किसानों को राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
What's Your Reaction?