रेलवे कांग्रेस उमरिया का अधिवेशन व शाखा चुनाव संपन्न

Jun 23, 2025 - 21:14
 0  67
रेलवे कांग्रेस उमरिया का अधिवेशन व शाखा चुनाव संपन्न

लगातार तीसरी बार जावेद खान बने शाखा सचिव

उमरिया।  साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस शाखा उमरिया का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं नवीन शाखा कार्यालय का उद्घाटन समारोह 22 जून 2025 को शाम 7 बजे सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शाखा पदाधिकारियों के चुनाव भी नियमानुसार संपन्न कराए गए, जिसमें फिर एक बार जावेद खान को सर्वसम्मति से शाखा सचिव चुना गया।

          कार्यक्रम की अध्यक्षता जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव ने की। मुख्य अतिथि जोनल संयुक्त महामंत्री एवं बिलासपुर मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिभुवन प्रताप सिंह, नगरपालिका उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव, केन्द्रीय कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार स्वाइन, जोनल उपाध्यक्ष डी.डी. महेश, संयुक्त महामंत्री राजेश खोबरागड़े, एवं अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री व अर्बन बैंक डायरेक्टर आर.के. यादव उपस्थित रहे।

          वर्ष 2013 से लगातार शाखा सचिव के दायित्वों का निर्वहन कर रहे जावेद खान ने बताया कि प्रत्येक दो वर्ष में रेलवे मजदूर कांग्रेस नियमानुसार अधिवेशन व चुनाव आयोजित करती है। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और गतिविधियों का विवरण भी प्रस्तुत किया।

          मुख्य वक्तव्य में विजय अग्निहोत्री ने बताया कि मजदूर कांग्रेस ही एकमात्र संगठन है जिसने 2024 के रेलवे गुप्त मतदान चुनाव में लगातार दूसरी बार एकल मान्यता प्राप्त की है। उन्होंने बीएन-100 मेमो की समाप्ति, उम्मीद कार्ड से इलाज की सुविधा, स्टेशन मास्टरों को 34 करोड़ का ओटी भुगतान जैसे उपलब्धियों का उल्लेख किया। 

          लक्ष्मण राव ने संगठन की पंचशील नीतियों – रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिता, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान आदि के बारे में जानकारी दी और बताया कि सभी पदाधिकारी संगठन के महामंत्री पीतांबर लक्ष्मीनारायण के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं।

          अधिवेशन का शुभारंभ उमरिया स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण से हुआ। तत्पश्चात नवीन शाखा कार्यालय का उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया। विशिष्ट अतिथियों त्रिभुवन प्रताप सिंह और अमृतलाल यादव ने रेलवे कॉलोनी में साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था हेतु नगरपालिका की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में लगभग 200 रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। अनूपपुर, शहडोल व पेन्ड्रारोड़ शाखाओं के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए। संचालन करंजी शाखा सचिव पप्पू सिंह द्वारा उत्कृष्ट ढंग से किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow