बाणसागर बांध को बार-बार तैरकर पार करने वाला रेडियो कॉलर-4 हाथी अब रेस्क्यू अभियान के घेरे में
चार प्रशिक्षित हाथियों के साथ 100 से अधिक वनकर्मी मैदान में
उमरिया। कभी बांधवगढ़ के जंगलों में तो कभी शहडोल और मैहर के वन क्षेत्रों में विचरण करने वाला रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। सोन नदी और बाणसागर बांध की विशाल जलराशि को कई-कई घंटे तैरकर पार करने वाले इस हाथी की लगातार बदलती लोकेशन और मानव आबादी के आसपास बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने उसके सुरक्षित रेस्क्यू के लिए व्यापक संयुक्त अभियान छेड़ दिया है। अभियान में चार प्रशिक्षित हाथियों सहित 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जुटे हुए हैं।
करीब 20 वर्ष आयु का यह नर हाथी मूलतः छत्तीसगढ़ का है। दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही क्षेत्र में जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान की घटनाओं के बाद 22 मई 2026 को उसका रेस्क्यू कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। 23 मई को उसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र की बगदरा बीट में छोड़ा गया। शुरुआत में अकेले विचरण करने वाला हाथी 26 जून को 12 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। इसके बाद उसने खितौली, धमोखर, कल्लवाह, मगधी, उमरिया और शहडोल के जंगलों में लगातार आवाजाही की। इस हाथी की सबसे असाधारण गतिविधि बाणसागर बांध को तैरकर पार करना रही है। 7 सितंबर को वह पनपथा बफर से सोन नदी पार कर मैहर के अमरपाटन पहुंचा। करीब 20 दिन वहां रहने के बाद 28-29 सितंबर की रात फिर बांध पार कर लगभग 9 किलोमीटर की दूरी 8 से 9 घंटे में तैरकर तय की और बांधवगढ़ लौट आया। अब दोबारा बाणसागर बांध पार कर वह अमरपाटन क्षेत्र में विचरण कर रहा है।हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीण आबादी, मवेशियों और कृषि भूमि को देखते हुए मानव-हाथी संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। इसी के मद्देनजर 9 नवंबर से रेस्क्यू की तैयारियां शुरू की गईं और 11 नवंबर से कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) समिता राजोरा के निर्देशन में चल रहे अभियान में बांधवगढ़ के गौतम, सूर्या और श्याम तथा संजय टाइगर रिजर्व के बापू हाथी को लगाया गया है। बांधवगढ़,संजय, मैहर वनमंडल और मुकुंदपुर चिड़ियाघर के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ तीन वन्यजीव चिकित्सक भी अभियान में शामिल हैं। वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू करने के साथ ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
What's Your Reaction?