धान पंजीयन में नई तकनीकी समस्या, खसरा नंबर नहीं दिखने से किसान परेशान

Oct 7, 2026 - 21:08
Oct 7, 2026 - 21:09
 0  0
धान पंजीयन में नई तकनीकी समस्या, खसरा नंबर नहीं दिखने से किसान परेशान

10 अक्टूबर अंतिम तिथि, किसानों के सामने समय पर पंजीयन पूरा होने को लेकर बढ़ी चिंता

उमरिया।  मानपुर में धान खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया के बीच एक के बाद एक तकनीकी समस्याएं सामने आने से किसान परेशान हैं। पिछले तीन-चार दिनों से गिरदावरी की समस्या से जूझ रहे किसानों के सामने अब एग्री स्टैक (Agri Stack) पोर्टल पर खसरा नंबर प्रदर्शित नहीं होने की नई समस्या खड़ी हो गई है। किसानों का कहना है कि जब ऑपरेटर द्वारा आधार कार्ड के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की जाती है, तो एग्री स्टैक कंप्यूटर सिस्टम में संबंधित किसान का खसरा नंबर दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते पंजीयन केंद्रों पर किसानों की भीड़ बढ़ रही है और कई किसान घंटों इंतजार करने के बाद भी पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। निराश होकर उन्हें वापस घर लौटना पड़ रहा है।

          गौरतलब है कि शासन द्वारा धान खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। ऐसे में किसानों के पास पंजीयन कराने के लिए बेहद कम समय बचा है। लगातार तकनीकी दिक्कतों के चलते किसानों के बीच यह चिंता बढ़ती जा रही है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका पंजीयन कैसे पूरा होगा और उनकी उपज की सरकारी खरीदी हो पाएगी या नहीं। किसानों का कहना है कि पहले गिरदावरी से संबंधित समस्या के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी और अब खसरा नंबर पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होने से पंजीयन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। किसानों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि एग्री स्टैक में खसरा नंबर प्रदर्शित नहीं होने की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए तथा पंजीयन की अंतिम तिथि को देखते हुए किसानों को पर्याप्त अवसर दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान धान की सरकारी खरीदी से वंचित न रह जाए।

          अब किसानों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तकनीकी समस्या का समाधान कब तक होता है और क्या 10 अक्टूबर की अंतिम तिथि तक सभी किसानों का पंजीयन सुचारु रूप से पूरा हो पाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow