विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन संपन्न

Oct 7, 2026 - 18:01
 0  3
विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन संपन्न

नर्मदापुरम । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एसएनजी ग्राउंड परिसर में 'विकसित भारत संकल्प सभा' एवं 'सेवा ज्योति संकल्प यात्रा' का गरिमामय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आंध्र प्रदेश के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री अरविंद भदोरिया, सांसद दर्शनसिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, विजयपाल सिंह, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश खण्डेलवाल, सविता दीवान शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, संपत मूंदड़ा, पीयूष शर्मा, जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना, कुवंरसिंह यादव, ज्योति चौरे, नपा अध्यक्ष नीतू यादव, पंकज चौरे, जिला अभियान टोली सदस्य सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

गरिमामय आयोजन और देशभक्ति का माहौल

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से आईं यात्राएं SNG ग्राउंड में एकत्रित हुईं। इस दौरान देशभक्ति गीतों के वादन के पश्चात राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का ओजस्वी गायन हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्तिमय कर दिया। 

मुख्य अतिथियों के आगमन के पश्चात दिल्ली से प्रधानमंत्री जी के लाइव संबोधन का प्रसारण देखा गया। प्रधानमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सेवा की भावना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हमें आज ही कार्य करना होगा। इस प्रेरणादायी संबोधन को उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने कहा कि हम प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को देश सेवा के रूप में मना रहे हैं और प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूर्ण करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके पश्चात मंच से उपस्थित सभी नागरिकों को देश और समाज की सेवा का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।

सेवा ज्योति प्रज्वलन एवं यात्राओं का प्रस्थान

दिल्ली में सेवा ज्योति प्रज्वलित होने के क्रम में, जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा मुख्य मशाल से 'सेवा ज्योति' प्रज्वलित की गई। इसी मुख्य मशाल की लौ से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पधारे प्रतिनिधियों की सेवा ज्योति मशालों को प्रज्वलित किया गया। इसके पश्चात सभी नागरिक एवं प्रतिनिधि अपनी-अपनी विधानसभाओं की प्रज्वलित सेवा ज्योति मशालों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। ये यात्राएं जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर सेवा, समर्पण और जन-कल्याण का संदेश प्रसारित कर रही हैं।

जिला मीडिया प्रभारी अमित महाला ने बताया कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए जिससे पूरा आयोजन सुचारू और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ajay Singh Rajput District chief Narmadapuram