दुर्भाग्य जिले का, नदी की बीच धारा से गुजरा जनाजा
चार फिट गहरे पानी से कब्रिस्तान तक पहुंचना बना इम्तिहान
उमरिया। जीवित अवस्था में एक इंसान कइयों सुख, दुःख झेलकर मन में यही सोच रखता है कि चलो आगे देखते हैं शायद समय अच्छा आयेगा और यही सोच मन में रखते हुए इंसान आगे बढ़ता जाता है।और एक दिन दुनिया छोड़कर अलविदा हो जाता है। लेकिन जब मौत के बाद हर इंसान को अंतिम सफर में दो गज जमीन में पहुंचने की जरूरत होती है, लेकिन उस हक तक पहुंचने में भी स्वयं से लेकर उपकार करने वालों तक कष्ट उठाना पड़े। तब देख कर हर किसी का मन पीड़ा से भर जाता है।
एक ऐसा ही मामला नौरोजाबाद से सटे ग्राम कंचनपुर से आई है। जहां इस तरह का सफर भी ग्रामीणों के लिए किसी इम्तिहान से कम नहीं था। लेकिन मंगलवार को पीपल चौक के पास रहने वाले मुजीबुर्रहमान का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को उन्हें गांव के उस कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जो नदी की दूसरी ओर स्थित था। पर जनाजा कब्रिस्तान तक पहुंचाने के लिए लोगों को करीब 4 से 5 फीट गहरी नदी की धार पार करनी पड़ी। वहीं शव को पानी के बीच से लेकर गुजरना जोखिम भरा रहा। लेकिन नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण कई लोग चाहकर भी नदी पार नहीं कर सके और अंतिम मिट्टी में शामिल होने से वंचित रह गए।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर रपटा या सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की मांग कई बार प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन कोई ठोस पहल नहीं की। उनका कहना है कि बरसात के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए भी लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। वहीं जब कंचनपुर पंचायत के सचिव से उक्त वीडियो के संबंध में पूछा गया तो उसने बताया कि मामले को दिखवाया जाएगा और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।
What's Your Reaction?