राजीव गांधी जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी ने किया रक्तदान एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
उमरिया। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी उमरिया द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजी. विजय कोल के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री अजय सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव एड. पुष्पराज सिंह ने बताया कि जयंती के अवसर पर जिला चिकित्सालय उमरिया सहित जिले भर में 32 यूनिट रक्तदान एवं मरीजों को फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया तथा अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इसके पश्चात गांधी चौक उमरिया में स्वर्गीय राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजी. विजय कोल ने कहा कि राजीव गांधी जी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को विज्ञान, तकनीक, संचार, कंप्यूटर एवं आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान की। युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाना उनके ऐतिहासिक निर्णयों में से एक था। उनका सपना था कि भारत 21वीं सदी में आधुनिक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और युवा शक्ति के साथ विश्व में मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाए।
संगठन महासचिव एड. पुष्पराज सिंह ने कहा कि राजीव गांधी जी की जयंती पर रक्तदान एवं फल वितरण के माध्यम से कांग्रेसजनों ने मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया है। राजीव जी का जीवन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
ब्लॉक पाली औऱ मानपुर में भी राजीव गाँधी जी को नमन किये, इसके साथ ही पाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि मिश्रा एवं मानपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पटेल के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा रक्तदान किया गया तथा समाज के वरिष्ठजनों को माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। राजीव जी के त्याग, समर्पण और आधुनिक भारत के निर्माण के उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में जिला संगठन महासचिव पुष्पराज सिंह, प्रमोद उपाध्याय, शिशुपाल यादव, विजेंद्र सिंह अब्बू, राजेश कोल, किशोर सिंह, साकिर खान, रामपाल चक्रवाह, मनीष सिंह बरकड़े, प्रदीप तिवारी, दुर्गेश साहू, शिवा नायक, बहोरी साहू, एसोराम सिंह राठौर,राजाराम राय,सरिता सोनी, शकुंतला धुर्वे,रेखा सिंह, लक्ष्मी गुप्ता, रामप्रसाद कोल, अजय सिंह सोमवंशी, अविनाश सिंह, आयुष सिंह सेंगर सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?