बड़ी मां के बाद 24 घण्टे के अंदर भतीजे को भी निवाला बनाया टाइगर
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा वन परिक्षेत्र में टाइगर का खौफ अब जानलेवा रूप लेता नजर आ रहा है।शुक्रवार को कुदरी बीट से सटे झलवार गांव की फूल बाई पति छोटे लाल सिंह को अपना शिकार बनाने के बाद उसी टाइगर ने महज 24 घंटे के भीतर शनिवार सुबह एक और खूनी हमला कर दिया। इस बार टाइगर के निशाने पर फूल बाई के 30 वर्षीय भतीजे कल्याण सिंह पिता रामकृपाल सिंह आ गए,जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दो दिनों में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस घर में बड़ी मां की मौत का मातम पसरा था,वहां अगले ही दिन भतीजे के निधन की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की आंखों में आंसू इस त्रासदी की भयावहता बयां कर रहे हैं। लगातार दूसरे दिन हुए हमले के बाद झलवार समेत आसपास के गांवों में दहशत चरम पर है।ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते तो दूसरी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश, भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने हमलावर टाइगर को तत्काल पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई है तथा पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। 24 घंटे में दो मौतों ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर चुनौती को सामने ला खड़ा किया है।
What's Your Reaction?