सरावगी ट्रेडर्स का गोदाम सील 2200 बोरी खाद और बीज की भारी खेप जब्त

May 22, 2026 - 23:33
 0  2
सरावगी ट्रेडर्स का गोदाम सील 2200 बोरी खाद और बीज की भारी खेप जब्त

एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त दबिश से कृषि माफियाओं में हडक़ंप

उमरिया। आगामी खरीफ सीजन से पहले किसानों के हक पर डाका डालने वाले मुनाफाखोरों के खिलाफ बांधवगढ़ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और आक्रामक कार्रवाई की है। संदेहास्पद रूप से खाद और बीज का अवैध भंडारण करने के मामले में प्रशासन ने लालपुर सांई कॉलोनी स्थित सरावगी ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारकर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अंबिकेश प्रताप सिंह एवं तहसीलदार दिलीप सोनी के तीखे तेवरों के बाद अंजाम दी गई।

          गोदाम के औचक निरीक्षण के दौरान जब संचालक राजेंद्र सरावगी से भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे गए, तो वे बगले झांकने लगे और मौके पर एक भी कागजात पेश नहीं कर सके। अधिकारियों ने जब गोदाम का ताला खुलवाया तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। गोदाम के भीतर 618 बोरी खाद और खरीफ सीजन के लिए डंप करके रखा गया लगभग 1600 बोरी (करीब 450 क्विंटल) बीज अवैध रूप से भरा हुआ था। इतना ही नहीं, कार्रवाई के वक्त एक ट्रक से बीज की अनलोडिंग भी की जा रही थी।

          प्रशासनिक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समूचे माल को जब्त कर सहायक संचालक कृषि राशिद खान को सुपुर्द कर दिया है। उपसंचालक कृषि कार्यालय द्वारा दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है, जिसके बाद संचालक पर गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज होना तय माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow