रेत माफियाओं पर चला प्रशासन का डंडा
अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
उमरिया। जिले में खनिज संपदा की खुली लूट पर अब प्रशासन ने सख्त तेवर अपनाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशन में खनिज विभाग लगातार अवैध उत्खनन परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत खनिज अमले ने अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जप्त कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।
खनिज अधिकारी डॉ. विद्याकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने उमरिया-मानपुर मार्ग पर मुड़ेहना रेत घाट के रास्ते में ट्रैक्टर क्रमांक MP54AA1105 को पकड़ा जिसमें करीब 3 घनमीटर रेत बिना अनुमति बिना रॉयल्टी रसीद और बिना ई-टीपी के परिवहन की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान चालक बारेलाल कोल निवासी ग्राम बड़ेरी के खिलाफ म.प्र. खनिज अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन को कोतवाली थाना में खड़ा कराया गया।
लगातार बढ़ रहे अवैध खनन पर प्रशासन की यह कार्रवाई साफ संकेत दे रही है कि अब रेत माफियाओं की मनमानी ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली। वर्षों से नदियों और घाटों को खोखला कर रहे अवैध कारोबारियों पर नकेल कसना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी लेकिन हालिया कार्रवाई ने यह संदेश दे दिया है कि खनिज संपदा की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जिले में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध खनन कारोबार के पीछे आखिर किसकी सरपरस्ती रही क्योंकि बिना संरक्षण के इस तरह का नेटवर्क संचालित होना संभव नहीं माना जा रहा। फिलहाल प्रशासन की सख्ती से अवैध कारोबारियों में बेचैनी साफ दिखाई देने लगी है।
What's Your Reaction?