11 हजार केवी ने छीनी जिंदगी
उमरिया। इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम चँसुरा में मंगलवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई,जब मजदूरी करने गया एक 23 वर्षीय युवक 11 हजार केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया,और उसकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटना के बाद घायल युवक को अमरपुर अस्पताल ले जाया गया, परन्तु कुछ ही देर में युवक जिंदगी की जंग हार गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम चँसुरा निवासी मजदूर आशीष कोल पिता ननबुद्धि कोल उम्र 23 वर्ष मंगलवार सुबह गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर ग्राम कछरा टोला (कुदरी) में आवास निर्माण कार्य करने गया था। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर बीम तैयार करने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन 11 हजार केवी लाइन के बेहद करीब लोहे की लंबी रॉड पहुंच गई। देखते ही देखते रॉड तार से टकराई और तेज धमाके के साथ करंट दौड़ गया। करंट लगते ही आशीष गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ में काम कर रहे मजदूरों और ग्रामीणों ने बिना देर किए घायल युवक को अमरपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल की चूक ने गरीब परिवार का जवान बेटा छीन लिया।सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंचकर ज़रूरी कार्यवाही कर रही है।
What's Your Reaction?