जिले में बारदाना और मजदूरों की भारी कमी, खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था चरम पर
उमरिया। जिला किसान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शकील खान एवं जिला पंचायत की कृषि समिति के सभापति, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमकार सिंह “बबलू” ने जिला मुख्यालय स्थित बड़ेरी गेहूं खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों की समस्याएं सुनी गईं और व्यापक अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जताई गई।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र में बारदाने (बोरी) और मजदूरों की भारी कमी है, जिससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ओमकार सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग के उप संचालक को फोन कर शीघ्र बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं किसान कांग्रेस अध्यक्ष शकील खान ने खरीदी केंद्र पर पानी, बैठने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही स्लॉट बुकिंग में आ रही समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन से खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।
किसान कांग्रेस नेता गजेंद्र शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। हम सभी खरीदी केंद्रों का लगातार दौरा करेंगे और किसानों की समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराते रहेंगे। किसानों के हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?