धूमधाम से मनाया गया हनुमान प्रकटोत्सव, भव्य शोभायात्रा और विशाल भंडारों में उमड़ा जनसैलाब
उमरिया। जिला मुख्यालय में खलेशर उमरार नदी घाट स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर में हनुमान प्रकटोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बजरंग कमेटी खलेशर मंदिर के तत्वाधान में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात विधि-विधान से हवन एवं सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ।
इसी क्रम में शहर के कोतवाली स्थित हनुमान मंदिर में भी सुंदरकांड पाठ किया गया और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। वहीं हावड़ा कॉलोनी के पंचमुखी हनुमान मंदिर और कैंप क्षेत्र के मारुति नंदन मंदिर, सगरा मंदिर, सिद्धबाबा सगरा तालाब में भी अखंड मानस, हवन एवं भंडारे के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम 7 बजे खलेशर घाट स्थित हनुमान मंदिर से भव्य हनुमान प्रकटोत्सव शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। पूरे आयोजन के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में दिनभर मानस एवं सुंदरकांड पाठ चलता रहा, जिसके बाद संध्याकाल में हवन और महाआरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर खलेशर घाट हनुमान मंदिर सहित मुख्य चौक चौराहों में विशाल भंडारा एवं ठंडाई पेय ब्यवस्था का आयोजन हुआ,जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
What's Your Reaction?