प्रवेशोत्सव के साथ ‘स्कूल चले हम’ अभियान का आगाज, 1097 स्कूलों में हुआ आयोजन
बच्चे देश की तकदीर हैं, उन्हें संवारना हम सबकी जिम्मेदारी- कलेक्टर
हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहली शर्त-सीईओ जिला पंचायत
उमरिया। जिले में “स्कूल चले हम अभियान” के तहत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन एवं सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि बच्चे देश की तकदीर एवं तस्वीर हैं, जिन्हें शिक्षक और समाज मिलकर संवारते हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर स्कूल जाने योग्य बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना, उसके भविष्य को सशक्त बनाना तथा उसे राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण (1 अप्रैल) में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम, दूसरे चरण (2 अप्रैल) में पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियाँ, शासकीय योजनाओं की जानकारी, तथा कक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के पुनः प्रवेश हेतु प्रेरणा तथा शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, अंतिम एवं तीसरे चरण (4 अप्रैल) में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम, जिसमें अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें उपयोगी सामग्री भेंट करेंगे। कलेक्टर ने शिक्षकों से समर्पण भाव से शिक्षा देने तथा अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन और व्यक्तित्व का विकास शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, मध्यान्ह भोजन, गणवेश, साइकिल, छात्रावास, आश्रम एवं छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने शिक्षकों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा प्रवेश से वंचित न रहे तथा सभी विद्यालयों में पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखी जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी आर. एस. मरावी ने बताया कि अभियान का जिलेभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है और 1097 विद्यालयों में यह उत्सव मनाया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, स्कूटी एवं लैपटॉप वितरण जैसी योजनाएँ भी संचालित हैं। आधुनिक शिक्षा के लिए कंप्यूटर लैब एवं स्मार्ट क्लास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुस्तकें भेंट कर स्वागत किया गया तथा कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर ऑनलाइन माध्यम से भी विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम में धनुषधारी सिंह, जूनियर रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष मान सिंह, डीपीसी के.के.डेहरिया, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?