हर्षोल्लास व श्रद्धाभक्ति के साथ मनाया जाएगा श्री हनुमान जन्मोत्सव
विशाल भंडारा का आयोजन
उमरिया। प्रतिवर्ष चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी के जन्मोत्सव के बाद चैत्र पूर्णिमा तिथि पर भगवान राम जी के सबसे अनन्य भक्त और संकट मोचन भगवान श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धाभक्ति के साथ 02 अप्रैल को मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में हनुमान जी को कलयुग का देवता माना गया है और ये आज भी इस पृथ्वी पर भ्रमण करते हैं और अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।
ज्ञात हो कि भगवान श्रीराम के प्रिय भक्त पवनसुत हनुमान जी का जन्मोत्सव जिले भर मे धूम-धाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर जगह-जगह हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, सुंदरकाण्ड और अखंड रामायण के पाठ शुरू हो गए हैं। श्री हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्री हनुमान मंदिरों में श्री अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 कैम्प मोहल्ला सिंधी धर्मशाला के पीछे स्थित मारुति मंदिर में 01 अप्रैल बुधवार को अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया है। जिसका समापन श्री हनुमान जन्मोत्सव 02 अप्रैल को होगा। तत्पश्चात दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारा प्रसाद वितरण किया जावेगा। उक्त धार्मिक अनुष्ठान में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है।
What's Your Reaction?