पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस की उपलब्धता के संबंध में बैठक संपन्न
जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता- कलेक्टर
गैस उपलब्धता के संबंध में भ्रामक खबरें चलाने पर की जाएगी सख्त कार्यवाही - एसपी
उमरिया। जिला पंचायत सभागार में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी की उपस्थिति में गैस एजेंसी संचालकों, होटल संचालकों, रिसोर्ट संचालकों के साथ पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस की उपलब्धता के संबंध में बैठक संपन्न हुई । कलेक्टर ने गैस संचालकों से कहा कि गोदाम खुलने के समय डोमेस्टिक सिलेंडर एवं कामर्सियल सिलेंडर कि जानकारी तथा बंद के दौरान उपलब्ध सिलेंडरो की जानकारी खाद्य विभाग व्दारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रारूप में प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाए। इसी तरह कामर्सियल सिलेंडर कि आपूर्ति अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों में डिमांड अनुसार की जाए तथा अन्य जगहों से मांग आने पर उसकी सूचना खाद्य विभाग को दी जाए उसके पश्चात ही आगे की कार्यवाही निर्देशानुसार की जाए। बैठक में कलेक्टर ने होटल, रिसोर्ट संचालकों को सुझाव दिया कि एलपीजी ईंधन की उपलब्धता की स्थिति सामान्य होने तक वैकल्पिक ईंधन जैस- डीजल भट्टी, इलेक्ट्रिक ओवन, इलेक्ट्रानिक इंडक्शन, तंदूर आदि का प्रयोग कर खाना बनाएं तथा वस्तुस्थिति से आगंतुकों को अवगत कराएं। ग्रामीण क्षेत्र में परंपरागत ईंधन जैसे लकड़ी, कोयला, कण्डे तथा कृषि अपशिष्ट उपयोग करने का प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिले के सभी गैस एजेन्सी संचालको को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देश का पालन करने तथा बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को क्रमानुसार गैस सिलेण्डर डिलेवरी करने के निर्देश दिये गये।उन्होंने होटल एवं रिसोर्ट संचालकों को सोलर पैनल का भी उपयोग करने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए टीम गठित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी की उपलब्धता है। जिले के नागरिक सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित हो रही झूठी अफवाहों पर ध्यान नहीं दें । उन्होने यह भी कहा है कि यदि सिलेंडर से संबंधित यदि किसी व्यक्ति व्दारा भ्रामक जानकारी सोशल अथवा प्रिंट मीडिया पर प्रसारित की जाती है तो उनके विरूध्द सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अपील में यह भी कहा है कि जिलेवासी निर्धारित अवधि में ही गैस रिफिल कराएं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने कहा कि गैस संचालक संबंधित थाना प्रभारियों के नंबर अपने पास रखें। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सूचना दें, ताकि हर संभव मदद पुलिस व्दारा उपलब्ध कराई जा सके।उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के संबंध में गलत जानकारी प्रसारित करने वाले के विरूध्द सख्त कार्यवाही की जाएगी ।
जिला आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि जिले के सभी गैस एजेंन्सी, कम्पनी के संचालक एवं सेल्स ऑफीसर से सतत संपर्क में रहकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं । गैस वितरकों से एलपीजी के स्टॉक, वितरण एवं वेंटिंग लिस्ट की जानकारी प्रतिदिन प्राप्त किया जाना है । उपभोक्ताओं की सुविधाओं के लिए जिला कार्यालय मे कंट्रोल रूम स्थाापित कर फंक्श्नल किया जाना है एवं सभी गैस कम्पनी के हेल्प लाईन नंबर गैस एजेन्सी पर प्रदर्शित करवाया जाना है । गैस सिलेण्डरों की जमाखोरी एवं दुरूपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर दल गठन कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है । जिले में घरेलू गैस सिलेंडरो की खपत की संख्या 35 हजार तथा व्यवसायिक गैस सिलेंडरो के खपत की संख्या 25 सौ है। जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के कुल 91836 कनेक्शनधारी हैं। जिले में उपलब्ध सिलेंडरो की संख्या 2 हजार तथा व्यवसायिक सिलेंडरों की संख्या 300 है। बैठक में एसडीओपी पुलिस, वनमंडलाधिकारी विवेक सिंह, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जागृति प्रजापति, गैस एजेंसी संचालक, होटल संचालक, रिसोर्ट संचालक उपस्थित रहे ।
What's Your Reaction?