नेता प्रतिपक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, किया गया पुतला दहन

Feb 20, 2026 - 22:16
 0  10
नेता प्रतिपक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, किया गया पुतला दहन

उमरिया।  मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदरणीय जीतू पटवारी के निर्देशानुसार एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के समर्थन में जिला मुख्यालय के गांधी चौक उमरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में उनका पुतला दहन किया गया। यह कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उमरिया के अध्यक्ष मिथलेश राय एवं युवा कांग्रेस अनुराग सिंह अंबुज के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मिथलेश राय ने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं और विधानसभा की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। नेता प्रतिपक्ष के प्रति की गई टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत आक्षेप है, बल्कि सदन की मर्यादा के भी विपरीत है।

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी उमरिया के अध्यक्ष इंजी. विजय कुमार कोल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जनप्रतिनिधियों के सम्मान की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है और कांग्रेस पार्टी इसका कड़ा विरोध करती है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो कांग्रेस पार्टी और व्यापक जनआंदोलन करेगी।

          इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।  कार्यक्रम में संगठन महासचिव पुष्पराज सिंह, जिला निर्वाचन प्रभारी शिशुपाल यादव, वीरेंद्र सिंह सेंगर, ध्रुव सिंह परिहार, शेख शाहरुख, राजकुमार सिंह चौहान, विक्रम सिंह, मंगल सिंह, किशोर सिंह, उत्तरा लोधी, हर्ष सिंह परिहार, दुर्गेश साहू, अजय असाटी, आशीष, बिपिन यादव, गुरदीन चौधरी सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित हुए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow