लगातार बारिश से धान की फसल हुई बर्बाद, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

Oct 31, 2025 - 22:38
 0  15
लगातार बारिश से धान की फसल हुई बर्बाद, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

उमरिया।  जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहा एवं आसपास के गांवों में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं।   कई दिनों से बेमौसम वर्षा के कारण क्षेत्र में धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।  कई किसानों की धान की फसल कटकर खेतों में “दोबिया” अवस्था में पड़ी हुई है, जो अब बारिश के पानी में भीगकर सड़ने और अंकुरित होने लगी है।  ये हाल महज एक जनपद की नही है, बल्कि जिले के दूसरे जनपदों में भी किसान परेशान है।  जिन किसानों की फसल खेतों में खड़ी थी, वे लगातार हो रही बारिश के कारण धान की कटाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, जिन किसानों ने पहले ही फसल काट ली थी, वे गहाई (धान गहाई) नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि खेतों में पानी भर गया है और फसल पूरी तरह भीग चुकी है।

          किसानों का कहना है कि “अब करें तो क्या करें?” एक ओर खेतों में खड़ी फसल कट नहीं पा रही है, दूसरी ओर जो फसल कट चुकी है वह अंकुरित होकर खराब हो रही है।  इससे क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।  स्थानीय किसान नेताओं ने बताया कि यह स्थिति कृषि विभाग और प्रशासन के तत्काल हस्तक्षेप की मांग करती है। किसानों ने जिला प्रशासन से सर्वे करवाकर फसल नुकसान का मुआवज़ा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण धान की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है, जिससे उपज की कीमत पर भी असर पड़ेगा।  ग्रामीणों का कहना है कि अगर शीघ्र राहत एवं मुआवज़े की घोषणा नहीं की गई तो किसानों की हालत बेहद खराब हो जाएगी, क्योंकि अधिकांश परिवार खेती पर ही निर्भर हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow