जिला जेल में दीपावली स्नेह मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

Oct 22, 2025 - 20:38
 0  30
जिला जेल में दीपावली स्नेह मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

उमरिया।  दीपों के इस पावन पर्व पर जिला जेल उमरिया में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के सौजन्य से एक दिव्य एवं प्रेरणादायक दीपावली स्नेह मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजयोग शिक्षिका बीके नम्रता बहन उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डी.के. सारस द्वारा की गई।

          कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वरीय स्मृति और दीप प्रज्वलन से हुआ। उसके पश्चात् बीके बहनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, गीत और प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित सभी बंदियों के हृदय को भाव-विभोर कर दिया। मुख्य अतिथि बीके नम्रता बहन ने अपने प्रेरणास्पद उद्बोधन में कहा - “दीपावली केवल बाहरी रोशनी का नहीं, बल्कि आत्मा में सद्गुणों का दीप प्रज्वलित करने का पर्व है। जब हम अपने भीतर प्रेम, करुणा, सत्य और शांति के दीप जलाते हैं, तभी वास्तविक दिवाली मनाते हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आत्म-जागृति और आध्यात्मिक उन्नति लाना है, जिससे समाज में स्थायी शांति और सुख का वातावरण बन सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जेल अधिक्षक डी.के. सारस ने कहा कि ऐसे आयोजन बंदियों के जीवन में नई चेतना और आत्मविश्वास भरते हैं। उन्होंने जेल प्रशासन और ब्रह्माकुमारी संस्थान के इस संयुक्त प्रयास की सराहना की।

          अंत में सभी ने “ओम शान्ति” का उच्चारण कर विश्व में शांति, सद्भावना और आत्म परिवर्तन की भावना के साथ दीपावली की मंगलकामनाएँ दीं।  कार्यक्रम का संचालन बीके बहनों द्वारा मधुर शैली में किया गया। इस कार्यक्रम में अपनी शुभ कामनाओं को देने वालों में बीके प्रकाश, बीके अन्नपूर्णा, बीके सुभाष,, बीके पियूष, बीके शिवकुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ में 100 से अधिक बंदियों ने सहभागिता प्रदान आभार प्रदर्शन जेल प्रशासन की ओर से व्यक्त किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow