अभिनव पाण्डेय का पहले ही प्रयास में एनडीए में चयन, वायुसेना में शामिल होकर करेंगे देश सेवा

उमरिया। अनुशासन वा कड़े परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है। वायुसेना में अफसर बनकर देश की सेवा करने का सपना उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा मुख्यालय के रहने वाले अभिनव पाण्डेय ने संघ लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए की परीक्षा पास करके साकार किया है।
मानपुर निवासी अभिनव पाण्डेय के एनडीए में चयनित होने पर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। अभिनव शहडोल सम्भागीय मुख्यालय के कोतवाली थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक रामराज पाण्डेय और सीएम राइज स्कूल में हिंदी की व्याख्याता स्मिता पाण्डेय के सुपुत्र हैं।
अभिनव ने अपनी उपलब्धि के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष 1 सितम्बर को आयोजित एनडीए की परीक्षा में उनका चयन वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है अभिनव की प्रारंभिक शिक्षा पाली स्थित सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल से हुई है उन्होंने अपनी उच्चतर माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के कोटा स्थित अकलंक पब्लिक स्कूल से हासिल की है।
पुलिस सेवा में रहा है पाण्डेय परिवार
मिली जानकारी अनुसार अभिनव के दादा श्री छत्रपाल पाण्डेय पुलिस विभाग में निवर्तमान सहायक उपनिरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं दादी श्री मती सुशीला पाण्डेय ने भी अभिनव की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है दादा छत्रपाल पाण्डेय ने खुशी साझा करते हुए कहा कि हमारे परिवार से कई लोगों ने भारतीय सेना और पैरामिलिट्री फोर्सेस में शामिल होकर देश की सीमाओं की रक्षा की है। लेकिन ये पहली बार है जब हमारे परिवार से हमारे नाती का चयन वायुसेना में सीधे अफसर के पद पर हुआ है।
अभिनव का चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के लिए हुआ है वहां वे तीन साल के कड़े प्रशिक्षण के बाद फाइटर प्लेन उड़ाने की ट्रेनिंग हेतु इंडियन एयर फोर्स अकादमी हैदराबाद जाएंगे,उसके बाद भारतीय वायुसेना में बतौर फ्लाईंग ऑफिसर अपनी सेवाएं देंगे।
पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित
शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने अभिनव की उपलब्धि पर उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया और अपनी शुभकामनाएं दी हैं। अभिनव की इस उपलब्धि पर चाचा डॉ अनिल कुमार पाण्डेय,चाची डॉ पूजा पाण्डेय,बहन जया पाण्डेय और छोटे भाई शौर्यमन पाण्डेय सहित रिश्तेदार और मित्रों सहित नगर वा क्षेत्र के गणमान्य जनो ने उन्हें अपनी बधाईयां प्रेषित की हैं।
What's Your Reaction?






