कांग्रेस कार्यालय में बजरंग दल की तोड़फोड़, विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, निकाली मौन रैली, तन्खा बोले- कार्रवाई के नाम पर की जा रही खानापूर्ति, सरकार का काउंटडाउन शुरू

May 8, 2023 - 10:47
 0  36
कांग्रेस कार्यालय में बजरंग दल की तोड़फोड़,  विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, निकाली मौन रैली, तन्खा बोले- कार्रवाई के नाम पर की जा रही खानापूर्ति, सरकार का काउंटडाउन शुरू

जबलपुर।  मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बल्देवबाग स्थित कांग्रेस कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ कर उग्र प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस ने नामजद 6 कार्यकर्ताओं समेत अन्य 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं इस घटना के बाद से प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। आज रविवार को कांग्रेस पार्टी ने इसका विरोध करते हुए राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा के नेतृत्व में मौन जुलूस निकाला।
          इस दौरान हजारों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर नजर आए। इस दौरान राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ में 300 लोग मौजूद थे और चंद लोगों की गिरफ्तारी हुई है। मामूली धाराओं में गिरफ्तारी दिखाकर पुलिस ने सिर्फ खानापूर्ति की है। उन्होंने कहा कि मामूली से बयान पर राजा पटेरिया को 2 महीने जेल के अंदर रखा गया। जबकि बजरंग दल द्वारा इतनी बड़ी घटना पर मामूली धारा लगाई जा रही है। पुलिस की मौजूदगी में पहले तोड़फोड़ की गई, फिर पुलिस ने उन्हें वहां से रवाना कर दिया। अगर दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आगे और आंदोलन होगा।  

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल का बयान
          बीजेपी और उनके लोगों ने जो रास्ता अपनाया उसकी कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। जिस तरह से कांग्रेस ऑफिस में तोड़फोड़ की गई यदि हमारा पदाधिकारी होता तो उसे भी मार देते 2 दिन पहले भी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को मारने की धमकी दी गई। इन्होंने जो रास्ता अपनाया पहले भी शायद ये लोग ऐसा ही करते रहे होंगे। हम अहिंसा वादी लोग हैं इस तरह की हिंसा पर विश्वास नहीं करते। आने वाले समय में इन हिंसक लोगों को जनता जवाब देगी। 
          गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी घोषणा पत्र में बजरंग दल को आंतकी संगठन बताते हुए उस पर बैन लगाने की बात कही थी। इसके विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चार मई को बल्देवबाग स्थित कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की। उसके बाद कांग्रेस पार्टी की शिकायत पर पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज कर लिया था। वहीं 10 व्यक्तियों की गिरफ्तारी भी की गई थी।

Source  : online. 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow