नपा चुनाव : भाजपा की परिषद बनना तय, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों का चयन अंतिम दौर पर

Oct 12, 2022 - 12:19
 0  18
नपा चुनाव : भाजपा की परिषद बनना तय, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों का चयन अंतिम दौर पर

उमरिया ।  जिले की नगर पालिका पाली के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के तारीख का ऐलान हो चुका है। इसके पहले 30 सितंबर को नगर पालिका पाली के 15 वार्डों के आए नतीजों में 8 सीटों पर स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा सबसे आगे रही है। वही प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस को महज 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। इसके अलावा 2 वार्ड में से एक में निर्दलीय और एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई थी।
          चुनाव के नतीजों के उपरांत कांग्रेस की तरफ से यह भ्रम फैलाया जा रहा था की वह परिषद बनाने की स्थिति में है, जिसके लिए पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी के पार्षद और निर्दलीय को मिलाकर 7 की संख्या पर पहुंचने का दावा कर रहे थे। उसके बाद उनका एक और सीट के लिए प्रयास रहा है। लेकिन यह प्रयास उनका खोखला साबित हुआ है और अब वह बैकफुट पर जाते नजर आ रहे हैं। भाजपा जहां अपने पूरे पार्षदों को कई दिनों से धार्मिक स्थलों का भ्रमण करा रही है। वही राजधानी भोपाल में पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं से उनको मिलवाया जा रहा है ।

प्रमुख 2 कैंडिडेट में से किसी एक पर दांव लगाएगी भाजपा
          नगर पालिका पाली में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के साथ अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने के लिए चेहरों की कमी नहीं है। परंतु अध्यक्ष के लिए प्रमुख रूप से दो नाम की चर्चा जोरों पर है। हालांकि पूर्व विधायक शकुंतला प्रधान की चर्चा और हवा काफी समय से रही है। पार्षद के चुनाव के दौरान से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि शकुंतला प्रधान अगर पार्षद का चुनाव जीतकर आती है तो उनका अध्यक्ष बनने का रास्ता लगभग तय माना जा रहा था। इसके अलावा वार्ड नंबर 1 से निर्वाचित पार्षद श्रीमती सोना सिंह का नाम भी प्रबल है। बताया जा रहा है कि भाजपा सोना सिंह को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतार सकती है। फिलहाल यही वह प्रमुख दो नाम हैं। जिनमें से किसी एक को नगर पालिका पाली के अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान किया जाएगा। वही उपाध्यक्ष के लिए भी 2 नाम प्रमुख माने जा रहे हैं। जिसमें से पहला नाम घनश्याम कुशवाहा और दूसरा राजेश पटेल के नामों की चर्चा जोरों पर है।जिसके बाद पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि इन्हीं 2 नामों में से किसी एक को नगर पालिका का उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।

पार्षदों की सहमति से होगा कैंडिडेट फायनल
          नगर पालिका पाली के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में सबसे अहम और खास बात यह कि संभावित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों का चयन निर्वाचित पार्षदों की सहमति से किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक कुछ पार्षदों के द्वारा वार्ड नंबर 1 की श्रीमती सोना सिंह का नाम लिया जा रहा है तो कुछ लोगों के द्वारा वार्ड नंबर 14 से पार्षद शकुंतला प्रधान का नाम लिया जा रहा है। हालांकि भाजपा में पार्टी ही सर्वोपरि है और उसी पर ही निर्भर करता है और अंतिम मुहर पार्टी ही लगाती है। जिसके बाद पार्टी के निर्णय को सभी मान कर चलते हैं। फिर भी इस बार पार्षदों की सहमति भी लिए जाने की खबर है। खबर तो यह भी है कि अध्यक्ष के लिए दो कैंडिडेट का नाम लिए जाने के बाद यह भी विचार किया जा रहा है कि नगरपालिका के 5 साल के कार्यकाल के दौरान ढाई-ढाई साल दोनों को अध्यक्ष बनाने की बात भी जोरों पर चल रही है।
          बहरहाल चर्चाओं के दौर में तमाम प्रकार की चर्चाएं सामने आती जाती रहती हैं। देखना होगा इसके लिए पार्टी क्या रुख अख्तियार करती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow