सार्वजनिक मार्गों को कराया व्यवस्थित, आवागमन सुगम बनाने पर जोर
शैलेश विश्वकर्मा संवावदाता, कटनी। नगर के प्रमुख मार्गों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सोमवार सुबह निगम के अतिक्रमण अमले ने विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान गांधी द्वार से सुभाष चौक मार्ग, मुख्य स्टेशन मार्ग, झंडा बाजार, गोल बाजार, रुई बाजार, जैन मंदिर मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क की सीमा में सामान रखकर अथवा अस्थायी रूप से स्थान घेरकर व्यवसाय करने वालों को व्यवस्थित कराया गया।
निगम अमले ने संबंधित व्यवसायियों को सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न न करने की समझाइश दी। कार्रवाई के दौरान प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित कर नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों एवं व्यवसायियों को सार्वजनिक स्थलों के सुव्यवस्थित उपयोग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?