भाला और निशानी में भारत का नाम रोशन करने वाले चौंपियन पहुंचे बांधवगढ़
नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने जंगल सफारी का लिया आनंद, वन्यजीव संरक्षण का लिया संकल्प
उमरिया। वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शनिवार को खेल और वन्यजीव संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया और वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने जंगल सफारी का आनंद लेने के साथ ही वन अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ से बाघ संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और ईको-टूरिज्म से जुड़े प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बांधवगढ़ की जैव विविधता को करीब से देखा तथा वन्यजीव संरक्षण में मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका को समझा।
वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में दोनों खेल हस्तियों ने रिजर्व के कोर गेट पर लगाए गए ‘सिग्नेचर कैंपेन-प्लेज बोर्ड’ पर हस्ताक्षर कर वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर संदेशों के माध्यम से प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। दोनों खिलाड़ियों ने प्रशिक्षु वनरक्षकों से भी संवाद किया। उन्होंने वनकर्मियों के समर्पण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन संरक्षण की जिम्मेदारियों के साथ अपने स्वास्थ्य और फिटनेस पर ध्यान देना भी जरूरी है। उन्होंने वनकर्मियों को समय निकालकर खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्लेज बोर्ड के माध्यम से वन्यजीवों का सम्मान करने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने, जंगल को स्वच्छ एवं शांत रखने तथा जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। नीरज चोपड़ा और गगन नारंग की भागीदारी ने बांधवगढ़ में आयोजित वन्यजीव सप्ताह को विशेष और यादगार बना दिया। दोनों खेल दिग्गजों की मौजूदगी से वन्यजीव संरक्षण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को बल मिला।
What's Your Reaction?