बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें - कलेक्टर
नवीन जिला अस्पताल भवन के लोकार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं - कलेक्टर
उमरिया। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में जिला रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी की बैठक जिला अस्पताल के सभागार में संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होने कहा कि नवीन जिला अस्पताल भवन में जो कमियां रह गई है उन्हें तत्परता से पूरी कराते हुए लोकार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि पुराने अस्पताल के मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी से कार्य योजना बनवाएं तथा पार्किग व्यवस्था एवं कैंटीन संचालन के लिए टेंडर की कार्यवाही कराए। उन्होंने आपातकाल में आकस्मिक चिकित्सा वाहन की व्यवस्था दुरूस्त रखने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में छात्रावासो में निवासरत विद्यार्थियों के लिए निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने नवीन भवन में वॉटर फिल्टर प्लांट लगाने के लिए स्थल चयन कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला चिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सकों की आपातकालीन डयुटी लगाने तथा नियत समय पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश कलेक्टर व्दारा दिए गए। उन्होने कहा कि डयुटी से जो चिकित्सक अनुपस्थित रहे उन्हे कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओ के संबंध में अन्य विभागों से कराए जाने वाले कार्यो के संबंध में टी एल बैठक में अवगत कराए ताकि विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा सके।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. के सी सोनी ने एजेंडावार जानकारी देते हुए आय व व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य धनुषधारी सिंह, सीएमएचओ डॉ,. व्ही एस चंदेल सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?