यात्री प्रतीक्षालय के पास पिकअप पलटी,चालक घायल
उमरिया। रविवार सुबह लोरहा यात्री प्रतीक्षालय के पास कटनी से उमरिया आ रही सब्जी लोड पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में पिकअप चालक राजेन्द्र पिता बाबूलाल, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी पथरहठा घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल चालक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी बताया जा रहा है।
बताया गया है कि पिकअप वाहन में सब्जी लोड थी, जिसे लेकर चालक कटनी से उमरिया की ओर आ रहा था। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। हालांकि मौके की स्थिति को देखते हुए यह संभावना भी जताई जा रही है कि चलती पिकअप का टायर अचानक निकल गया होगा, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जोरदार था कि वाहन का एक टायर निकलकर काफी दूर खेत में जा गिरा। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
What's Your Reaction?