छात्रावासों की रिक्त सीटें तीन दिवस में भरें, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई- कलेक्टर
उमरिया। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अभय की उपस्थिति में जिले के समस्त छात्रावास अधीक्षकों की समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर व्दारा छात्रावासों में स्वीकृत एवं भरी गई सीटों की समीक्षा करते हुए कहा गया कि जिन छात्रावासों में सीटें रिक्त पाई गईं, उनके अधीक्षकों को तीन दिवस के भीतर पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश देकर सभी स्वीकृत सीटें भरने के निर्देश दिए गए। निर्धारित अवधि में सीटें नहीं भरे जाने पर संबंधित अधीक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि छात्रावासों में स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, परिसर की साफ-सफाई, झाडि़यों एवं अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई, खुले कुओं को सुरक्षित ढकने, पर्याप्त विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा कमरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। सभी छात्रावासों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाने तथा कन्या छात्रावासों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों की तत्काल मरम्मत कराने एवं आवश्यकतानुसार वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।
छात्रावासों की नियमित निगरानी के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपते हुए नियमित निरीक्षण करने के साथ ही जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए छात्रावासों की सीटें पूर्ण रूप से भरने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालयों में लंबित प्रोफाइल पंजीयन एवं ओटीआर की भी समीक्षा की गई। तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को लंबित प्रोफाइल पंजीयन एवं ओटीआर का 15 दिवस में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक तथा समस्त छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?