एक्सीलेंस स्कूल के सामने बना अघोषित वाहन स्टैंड, मोहल्लेवासियों के लिए बना सिरदर्द
उमरिया। बेतरतीब पार्किंग से आवागमन बाधित, कार्रवाई की मांग उमरिया। शहर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित एक्सीलेंस स्कूल के सामने, जहां प्रतिवर्ष मुरादगाह का आयोजन होता है, वहां इन दिनों चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों का अघोषित स्टैंड बन गया है। वाहन चालक घंटों तक अपने वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े कर देते हैं, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग कैम्प मोहल्ला जाने का मुख्य रास्ता है। बड़ी संख्या में खड़े वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है और कई बार दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि किसी आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड को क्षेत्र में पहुंचना पड़े, तो सड़क पर खड़े वाहनों के कारण उन्हें भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ सकता है, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।
वाहन चालकों की मनमानी से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। कैम्प मोहल्ले के निवासियों ने जिला प्रशासन, और यातायात विभाग से मांग की है कि उक्त स्थान पर अघोषित वाहन स्टैंड पर तत्काल रोक लगाई जाए, अवैध पार्किंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
What's Your Reaction?