कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में ईको सेंटर ताला में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम संबंधी बैठक संपन्न

Jun 18, 2026 - 22:56
 0  4
कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में ईको सेंटर ताला में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम संबंधी बैठक संपन्न

ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर जागरूकता फैलाने के दिए निर्देश 

उमरिया।  कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में ईको सेंटर ताला में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं उसके दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

          बैठक में वन विभाग, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कलेक्टर  सहाय ने वन विभाग, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

          उन्होंने कोर एरिया में निवासरत ग्रामीणों को जागरूक करने हेतु ग्राम स्तर पर नियमित जनचौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित निर्णय लेते हुए रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजने तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने पर बल दिया। 

          मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने कोर एरिया में बाउंड्री निर्माण, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाओं के समुचित प्रबंधन, कोर क्षेत्र की स्पष्ट मार्किंग तथा बाघ से संबंधित घटनाओं के दौरान पुलिस एवं वन विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का सुझाव दिया। उन्होंने 15वें एवं 5वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग कर आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग कराने की बात भी कही।

          उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व योहान कटारा ने लेंटाना जैसी घनी झाडि़यों को चिन्हित कर हटाने, एनजीओ के सहयोग से सोलर लाइट स्थापित करने तथा खुले कुओं को ढंककर वन्य जीवों की दुर्घटनाजन्य मृत्यु रोकने के सुझाव दिए।

          वनमंडलाधिकारी विवेक सिंह ने सूखी जल संरचनाओं को चिन्हित कर उनके पुनर्जीवन तथा विस्थापन के लिए चयनित ग्रामों से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण पर बल दिया।

          अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मानपुर हरनीत कौर कलसी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की सूचना मिलते ही रेस्क्यू अमले को तत्काल घटनास्थल पर भेजने, प्रभावित परिवारों से पुलिस, वन एवं राजस्व विभाग द्वारा संवेदनशीलता के साथ संवाद स्थापित करने तथा सभी मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों की संपर्क सूची अद्यतन रखने का सुझाव दिया। 

          उन्होंने कोर एवं बफर क्षेत्र के ग्रामों में जनजागरूकता चौपाल आयोजित करने तथा खुले में शौच के लिए जंगल जाने वाले परिवारों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई। तहसीलदार मानपुर ने कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर पर्याप्त पुलिस एवं वन अमले की तैनाती, उद्घोषणा हेतु माइक व्यवस्था, बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित करने तथा फसल हानि प्रकरणों में वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा विधिवत हस्ताक्षर एवं पदनाम अंकित करने के सुझाव प्रस्तुत किए। 

          बैठक में ग्राम पंचायत झलवार के सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे। बैठक में प्राप्त सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति व्यक्त की गई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow