पुलिस भर्ती में खिलाड़ियों को मिलेगा सीधा मौका, उमरिया की खेल प्रतिभाओं को भी होगा लाभ
उमरिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए मध्यप्रदेश पुलिस में सीधी भर्ती पुनः शुरू करने के निर्णय से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। नए संशोधित नियमों के तहत अब राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक और आरक्षक पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा।
उमरिया जिले से हॉकी, हैंडबॉल सहित विभिन्न खेलों में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। अब इन खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में रोजगार का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का मानना है कि सरकार के इस निर्णय से युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
संशोधित नियमों के अनुसार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शारीरिक मापदंड, लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, राष्ट्रीय खेल एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।
खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित होती है तो उमरिया जैसे आदिवासी बहुल जिले के खिलाड़ियों के लिए यह फैसला भविष्य में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
What's Your Reaction?