'काकोरी कांड' के शताब्दी वर्ष को समर्पित होगा इस वर्ष का “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम
23 मार्च शहीद दिवस के लिए जनगण स्वाधीनता मंच की बैठक संपन्न
उमरिया। देश के स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से कार्य कर रहे जनगण स्वाधीनता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आयोजित होने वाला “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की ऐतिहासिक घटना काकोरी कांड के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उसके वीर शहीदों को समर्पित रहेगा।
बैठक में मंच के सदस्यों ने कहा कि काकोरी कांड भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की एक ऐसी गौरवशाली घटना है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव को हिला दिया था और देश के युवाओं में क्रांतिकारी चेतना का संचार किया था। इस वर्ष इस ऐतिहासिक घटना के 100 साल पूरे हो रहे हैं और शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम शहीदों के साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।
जनगण स्वाधीनता मंच द्वारा पिछले लगभग 10 वर्षों से लगातार “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। यह कार्यक्रम जिले में शहीदों की स्मृति को समर्पित एक महत्वपूर्ण परंपरा के रूप में स्थापित हो चुका है। हर वर्ष इस आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न क्रांतिकारियों और उनके बलिदान को याद किया जाता है। इस वर्ष काकोरी कांड के शताब्दी वर्ष के कारण कार्यक्रम को विशेष रूप से उन्ही शहीदों को समर्पित करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काकोरी कांड में शहीद हुए वीर क्रांतिकारियों के परिवार से संबंधित सदस्य होंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व प्राप्त होगा तथा उपस्थित लोगों को उन महान क्रांतिकारियों के जीवन और बलिदान को और करीब से जानने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, काव्यपाठ्य, वक्तव्य और स्मरण कार्यक्रम एवं शहीद सैनिक़ो के परिवार भूतपूर्व,वर्तमान सैनिकों, अग्निवीरों का सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। मंच के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को अपने महान इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के संघर्ष से परिचित करा कर उसे चिरस्थाई बनाये रखना ही मंच का उदेश्य है बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को भव्य और प्रेरणादायी बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मंच के सदस्यों ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करें।
अंत में सभी सदस्यों ने होली के अवसर पर एक दूसरे को ग़ुलाल लगा कर होलीमिलन के माध्यम से संकल्प लिया कि शहीदों के त्याग और बलिदान की स्मृति को सदैव जीवित रखने तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के लिए मंच द्वारा ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।
What's Your Reaction?