जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न

Feb 25, 2026 - 22:27
 0  15
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न

लक्ष्य की प्राप्ति हेतु शरीर का स्वस्थ रहना आवश्यक -सीईओ जिला पंचायत

स्वस्थ शरीर और सफल जीवन की कुंजी है खेल -अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 

उमरिया। हमारे जीवन में खेलों का अत्यधिक महत्व है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना अंतर्गत नवाचार एवं पारंपरिक खेल प्रोत्साहन के तहत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। खेल में भाग लेने वाले सभी खिलाडियो ने अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया है। उक्त आशय के विचार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए ।

          उन्होंने कहा कि जीवन मे लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शरीर का स्वस्थ्य रहना आवश्यक है। खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। उन्होने कहा कि खेल मे जीतना जरूरी नही,बल्कि खेल में भाग लेना अति आवश्यक होता है। सभी खिलाड़ी सभी प्रकार के खेल को खेले और अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए ग्राम, जिला, प्रदेश में अपना नाम रोशन करें ।उन्होने विजेता एवं उप विजेता टीमो को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। *कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या ने कहा कि खेल हमारे स्वास्थ्य, पढाई और जिंदगी के लिए आवश्यक है। इसलिए आवश्यक है कि खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग हैं।उन्होंने कहा कि एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सभी खिलाडियो ने पूरे उत्साह के साथ खेल को खेला।उन्होने कहा कि खेल मे हार जीत मायने नही रखती,बल्कि हार से सीख लेकर अगले खेल में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लें।

          जिला क्रीडा अधिकारी शेख सलीम ने बताया कि सर्वप्रथम सरवाही कला एवं बल्हौड के बीच कबड्डी का मैच खेला गया जिसमें बल्हौड विजयी, मलियागुडा पाली एवं कठार के बीच हुए मैच में मलियागुडा विजयी, शिवाजी क्लब करकेली एवं गोरैया के बीच हुए मैच मे शिवाजी विजयी, रॉयल क्लब करकेली एवं नौगवां के बीच हुए मैच में रायल क्लब करकेली विजयी, भगत सिंह करकेली एवं बल्हौड के बीच हुए मैच में भगत सिंह विजयी, सरसवाही कला एवं भगत सिंह के बीच हुए मैच में भगत सिंह विजयी रही।

          इसी तरह पहला सेमीफायनल मैच मलियागुडा पाली एवं रायल क्लब के मध्य खेला गया जिसमें मलिया गुडा की टीम विजयी रही। दूसरा फायनल मैच शिवाजी क्लब एवं भगत सिंह के मध्य खेला गया जिसमें शिवाजी क्लब की टीम विजयी रही। तीसरा सेमीफायनल मैच भगत सिंह एवं रायल क्बल के बीच हुआ जिसमें भगत सिंह विजयी रही। फायनल मैच शिवाजी क्लब एवं मलियागुडा के बीच खेला गया जिसमें शिवाजी क्लब की टीम विजयी रही। दूसरे स्थान पर मलियागुडा की टीम, तृतीय स्थान पर भगत सिंह करकेली, चौथे स्थान पर रायल क्लब करकेली रही। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम को 21 हजार, उप विजेता टीम को 11 हजार,तृतीय स्थान पर आने वाली टीम को 5100 तथा तीन टीमों को सांत्वना पुरस्कार 1100-1100 रुपए के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। 

          इस अवसर पर खेला एवं युवा कल्याण विभाग से के के झारिया, क्रीडा शिक्षक मुकेश झारिया , ब्लाक कार्डिनेटर पाली सहित खिलाडी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीपीएमआरजीएसए खेललाल साहू ने किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow