विश्व जनसंख्या दिवस पर महाविद्यालय में हुए कार्यक्रम

उमरिया I शासकीय महाविद्यालय बिरसिंहपुर पाली में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया l कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ आरके झा द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्वलन कर किया गया। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ आरके झा ने अपने उद्बोधन में जनसंख्या वृद्धि को विपत्ति को न्योता देना बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का प्रभाव उपलब्ध संसाधनों एवं मनुष्य की आर्थिक, सामाजिक एवं भौगोलिक स्थिति पर भी पड़ता है। मुख्य वक्ता प्रो हरलाल अहिरवार ने लैंगिक असमानता पर चर्चा की तथा परिवार नियोजन, प्रजनन एवं स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता डॉ जेपीएस चौहान ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में विश्व की जनसंख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। बढ़ती हुई जनसंख्या ने हमें कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करने पर मजबूर किया है। जिनमे संसाधनों का वितरण, बढ़ती जनसंख्या के साथ भोजन, पानी, ऊर्जा, और रहने की जगह की मांग महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ मंसूर अली ने भारत की बढ़ती हुई जनसंख्या एवं भावी चुनौतियों, खाद्य उपलब्धता, हरित क्रांति पर प्रकाश डाला। डॉ त्रिभुवन गिरी ने जनसंख्या विस्फोट के भयावह परिणाम के बारे में जानकारी दी। आभार प्रदर्शन कार्यक्रम प्रभारी डॉ मनीषा अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ शाहिद सिद्दीकी, डॉ नरेश शुक्ला, डॉ रितु सेन, डॉ अनुपमा द्विवेदी, बालेंद्र यादव एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
What's Your Reaction?






