कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में बड़ा चेहरा उभरा, मो. अहमद सिद्दीकी बने प्रदेश महामंत्री
संगठन में नई धार लाने की तैयारी,सिद्दीकी पर जताया गया मजबूत भरोसा
उमरिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों के बीच अल्पसंख्यक विभाग को लेकर एक अहम फैसला सामने आया है। पार्टी ने एडवोकेट मो. अहमद सिद्दीकी को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपते हुए साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने की रणनीति तेज की जा रही है।यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की अनुशंसा पर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देश तथा विभाग प्रभारी निजामुद्दीन कुरैशी की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष एड. शेख अलीम द्वारा की गई है। मो. अहमद सिद्दीकी का राजनीतिक सफर लंबे समय से सक्रिय और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, जिला अध्यक्ष, शहर कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधिक प्रकोष्ठ में प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। यही कारण है कि संगठन में उनकी पहचान एक जमीनी, कर्मठ और भरोसेमंद नेता के रूप में स्थापित हुई है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह कदम आगामी चुनावी समीकरणों और अल्पसंख्यक वर्ग में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सिद्दीकी की नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और आक्रामकता लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि सिद्दीकी अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के दम पर कांग्रेस की नीतियों और योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
इस नियुक्ति पर पूर्व विधायक अजय सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल, जिला बार काउंसिल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित ओमकार सिंह, त्रिभुवन प्रताप सिंह, मुख्तियार खान, शारदा गौतम, ओपी द्विवेदी, निरंजन प्रताप सिंह,अशोक गौटिंया, नासिर अंसारी और संजीव खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस फैसले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?