पुल के अभाव में ट्रैक्टर पलटा, बरसों से उठ रही मांग अनसुनी

Jul 11, 2025 - 22:28
 0  3
पुल के अभाव में ट्रैक्टर पलटा, बरसों से उठ रही मांग अनसुनी

उमरिया।  भदार नदी का जलस्तर बढ़ने से गुरुवार देर शाम एक ट्रैक्टर नदी में पलट गया। ग्राम छिंदीया से ईंट खाली कर बरही जा रहा ट्रैक्टर पहले नदी में फंसा और फिर पानी बढ़ने से बहाव में आकर पलट गया। संयोगवश चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रैक्टर अब तक नदी से बाहर नहीं निकाला जा सका है। 

          यह हादसा एक बार फिर नदी पर पुल निर्माण की अनदेखी को उजागर करता है। वर्षों से ग्रामीण इस पुल की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया।  दरअसल, अमरपुर होते हुए पड़वार से बरही मार्ग की दूरी करीब 24 किलोमीटर है, जबकि यह नदी पार कर वही दूरी सलैया मार्ग से महज 9 किलोमीटर में तय होती है। इसीलिए स्थानीय वाहनचालक इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। लेकिन बरसात के समय यह रास्ता जानलेवा साबित हो रहा है।हादसे के बाद अब ग्रामीण ट्रैक्टर को नदी से निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

          गौरतलब है कि पड़वार में मौजूद यह वही भदार नदी है जहां अवैध रेत उत्खनन जोरों पर चलता है। कुछ महीने पहले इसी स्थान पर अवैध उत्खनन को लेकर लाठियां भी चल चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रेत खनन से नदी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। कई स्थानों पर गहरे खोह बन चुके हैं, जो बरसात में और भी खतरनाक हो जाते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow