किसानों को वर्मी बेड वितरित कर जैविक खेती की ओर बढ़ाया कदम

Jun 26, 2025 - 22:18
 0  47
किसानों को वर्मी बेड वितरित कर जैविक खेती की ओर बढ़ाया कदम

एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना के सहयोग से कार्ड संस्था द्वारा किया गया प्रयास 

उमरिया।  ग्रामीण विकास की दिशा में कार्यरत कार्ड संस्था द्वारा मानपुर विकासखण्ड के चयनित 50 ग्रामों में “केंद्रित ग्रामीण विकास कार्यक्रम” संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत क्रियान्वित हो रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है।

          कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम हरदुआ, सुखदास, डोड़का, पतौर, पटेहरा, नरवार, कछौहा और उरदना के 20 मध्यवर्गीय किसानों को वर्मी बेड (HDPE - 450 GSM) और केंचुए प्रदान किए गए हैं। वर्मी बेड की इस इकाई से प्रत्येक किसान एक वर्ष में लगभग 2.5 से 3 टन जैविक वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर सकेगा। इस खाद का उपयोग किसान अपनी फसलों में कर सकते हैं और अतिरिक्त खाद को विक्रय कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

          संस्था के कृषि विशेषज्ञ प्रेमचंद्र पाल ने जानकारी दी कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता से मुक्त कर, स्वस्थ मृदा, सुरक्षित उत्पादन और कम लागत वाली खेती को बढ़ावा देना है। आज की खेती में रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से जहां मिट्टी की उर्वरता घट रही है, वहीं इसका मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में जैविक खाद की ओर यह कदम एक आवश्यक परिवर्तन की शुरुआत है। यह गतिविधि संस्था की देखरेख में सतत रूप से संचालित की जाएगी। किसानों को नियमित रूप से प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन दी जाएगी, जिससे वे इस नवाचार को सफलतापूर्वक अपना सकें। वर्मी बेड से तैयार खाद से किसान लगभग 2.5 - 3 एकड़ भूमि की जरूरत पूरी कर सकते हैं, जिससे बाहरी खाद पर खर्च भी बचेगा।

          परियोजना प्रबंधक शिवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह पहल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि किसानों के लिए आत्मनिर्भरता और आय वृद्धि का नया रास्ता भी है। कम समय, कम मेहनत में तैयार होने वाला यह जैविक खाद किसानों के लिए स्थायी लाभ का साधन बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में अन्य किसान भी इस मॉडल को अपनाकर जैविक खेती की ओर अग्रसर होंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow