नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे छात्र, वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्य पर कार्रवाई

Aug 24, 2026 - 21:40
 0  8
नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे छात्र, वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्य पर कार्रवाई

उमरिया/करकेली। जनपद करकेली के ग्राम बिलासपुर स्थित हायर सेकेंडरी विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के नदी पार कर मानिकपुर आने-जाने का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र बड़करे ने विद्यालय के प्राचार्य अमित पटेल के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई की है।

          दरअसल, बिलासपुर स्थित हायर सेकेंडरी विद्यालय से मानिकपुर की दूरी सीधी तौर पर महज करीब 2 किलोमीटर है, लेकिन दोनों गांवों के बीच बड़की नदी पर पुल नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को हर्रा-दाढ़ होकर 7 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी पड़ती है। समय और दूरी बचाने के लिए छात्र-छात्राएं नदी पार कर जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं।

          बताया जाता है कि वायरल हुए वीडियो में भी विद्यार्थी इसी तरह नदी पार करते नजर आए थे। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बीच बच्चों का इस तरह आवागमन करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और विद्यालय प्रबंधन के स्तर पर कार्रवाई की गई।

          मामले में यह बात भी सामने आई है कि मानिकपुर की दूरी करीब 2 किलोमीटर आंके जाने के कारण विद्यार्थियों को साइकिल अथवा छात्रावास जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर जमीनी स्थिति यह है कि पुल के अभाव में यही छोटी दूरी बच्चों के लिए जान जोखिम में डालने वाली यात्रा बन गई है। *ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम बिलासपुर और मानिकपुर के बीच बड़की नदी पर पुल निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस बहुप्रतीक्षित मांग पर कोई ठोस अमल नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से विद्यार्थियों सहित आम ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

          अब सवाल यह है कि क्या व्यवस्था किसी बड़े हादसे के बाद जागेगी या उससे पहले बड़की नदी पर पुल निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा? विद्यार्थियों के वायरल वीडियो ने इस गंभीर समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow