व्यापारिक संगठनों के बीच टकराव तेज, सोमवार बंद को लेकर छिड़ी बयानबाज़ी
उमरिया। शहर में सोमवार को बाजार बंद रखने के मुद्दे पर व्यापारिक संगठनों के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। एक ओर व्यापारी संगठन CAIT द्वारा सोमवार बाजार बंद रखने का आह्वान किया गया है, वहीं दूसरी ओर उमरिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने इसका खुलकर विरोध करते हुए व्यापारियों को अपनी इच्छा से दुकान खोलने या बंद रखने की स्वतंत्रता देने की बात कही है।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रतन खंडेलवाल ने व्यापारियों के नाम जारी पत्र में आरोप लगाया कि नगर के कुछ स्वयंभू व्यापारी संघ केवल अपने प्रभाव और नेतृत्व को दिखाने के लिए लगातार फरमान जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनका मकसद अधिकारियों पर दबाव बनाकर सप्लाई के ठेके हासिल करना है, न कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना।
रतन खंडेलवाल ने साफ कहा कि सप्ताह में एक दिन प्रतिष्ठान बंद रखना पूरी तरह व्यापारी की स्वेच्छा पर निर्भर होना चाहिए। सभी दुकानों को बंद कराने से आम जनता और उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले सोमवार को जारी बंद के आह्वान का कई व्यापारियों ने समर्थन नहीं किया और अपने प्रतिष्ठान खुले रखे। चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने व्यापारियों की सुरक्षा और जबरदस्ती रोकने के लिए प्रशासन से भी चर्चा की है।
अब आने वाले सोमवार को लेकर एक बार फिर दोनों संगठनों के बीच तनातनी बढ़ गई है। चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने व्यापारियों से अपील की है कि वे किसी दबाव में न आएं और अपनी मर्जी से निर्णय लें। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यापारी पर दबाव बनाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में इस विवाद ने व्यापारिक जगत में हलचल मचा दी है। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले सोमवार को बाजार पूरी तरह बंद रहता है या व्यापारी अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करते हुए दुकानें खोलते हैं।
What's Your Reaction?