सेवा भारती एवं रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा दिहाड़ी मजदूरों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर सम्पन्न
उमरिया। सेवा भारती उमरिया एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी उमरिया के संयुक्त तत्वावधान में मंगल भवन में दिहाड़ी मजदूरों हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ प्राप्त किया।
रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव राकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जिले भर में स्वास्थ्य शिविर, सीपीआर प्रशिक्षण, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता, रक्तदान तथा टीबी रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविर में विशेष रूप से उपस्थित मध्य प्रदेश जूनियर रेडक्रॉस के अध्यक्ष मानसिंह ने रेडक्रॉस सोसायटी उमरिया द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का मार्गदर्शन जिला समिति को दिया। उन्होंने प्रदेश स्तर पर रेडक्रॉस द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की।
सेवा भारती के अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह ने "नर सेवा ही नारायण सेवा" के भाव से संचालित सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए जिले की विभिन्न सेवा बस्तियों में चल रहे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति अखिलेश त्रिपाठी ने शिविर में उपस्थित सभी चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अतिथियों एवं मजदूर भाइयों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. ब्रजेश शर्मा, डॉ. के. सोनी (हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं सिविल सर्जन), डॉ. मुकुल तिवारी, डॉ. तेज सिंह ठाकुर, दीपक भिवानिया सुनील खटीक, प्रिंस छगवानी, शुभम त्रिपाठी, राजेंद्र कोल, अतुल जैन, आशीष पांडेय, गोपाल तिवारी, पंकज द्विवेदी, मानव अधिकार आयोग के सचिव सुशील नामदेव एवं अज्जू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में मजदूरों के ब्लड प्रेशर, शुगर, सर्दी, जुकाम, बुखार सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। कुल 147 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर श्रमिक वर्ग को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने सेवा भारती एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
What's Your Reaction?