मोहब्बत और भाईचारे के साथ हज़ारों नमाज़ियों ने अदा की ईदुल अज़हा की नमाज़

May 28, 2026 - 23:11
 0  34
मोहब्बत और भाईचारे के साथ हज़ारों नमाज़ियों ने अदा की ईदुल अज़हा की नमाज़

मुल्क में अमन,तरक़्क़ी और खुशहाली के लिए उठे दुआओं के हाथ

उमरिया।  मुख्यालय स्थित ईदगाह में गुरुवार की सुबह ईदुल अज़हा का मुबारक पर्व पूरे अकीदत,खुलूस और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह की ओर नमाज़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा।सफेद लिबास में सजी लंबी-लंबी साफों के बीच “अल्लाहु अकबर” की सदाओं ने माहौल को रूहानी बना दिया।हज़ारों नमाज़ियों ने सज्दे में झुककर मुल्क में अमन-चैन, तरक़्क़ी, खुशहाली और इंसानियत की सलामती के लिए दुआएं मांगीं। ईदुल अज़हा की नमाज़ जामा मस्जिद के इमाम हाफिज शान मोहम्मद साहब की इमामत में अदा की गई।वहीं गौसिया मस्जिद के इमाम मौलाना मारूफ रज़ा साहब ने अपने बयान में कुर्बानी की असली रूह को बयान करते हुए कहा कि ईद हमें त्याग, सब्र,मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम देती है।उन्होंने कहा कि इस्लाम सिर्फ सजदों और इबादत का नाम नहीं, बल्कि इख़लाक,खुलूस और इंसानों से मोहब्बत का भी दर्स देता है।

          नमाज़ के बाद ईदगाह का नज़ारा बेहद दिलकश और भावुक दिखाई दिया।लोग एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। वहीं रंग-बिरंगे नए कपड़ों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों की खुशियां हर किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर रही थीं।मुख्यालय के अलावा चंदिया, मानपुर,नौरोजाबाद, पाली, मेढ़की, अमरपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी ईदुल अज़हा की नमाज़ पूरी अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई।  त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के माकूल इंतज़ाम किए गए थे। ईदगाह सहित शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।  इस मौके पर ईदगाह पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय कोल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अमृत लाल यादव, पार्षद त्रिभुवन प्रताप सिंह, कांग्रेस जिला संगठन महासचिव पुष्पराज सिंह, सतवंत सिंह, मिथिलेश राय, संतोष सिंह, राजेन्द्र कोल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नमाज़ियों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम बांधवगढ़ अम्बिकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या, एसडीओपी पीएल सिंह, तहसीलदार सतीश सोनी, नगर पालिका अधिकारी किशन सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को शुभकामनाएं दीं। 

          गौसिया मस्जिद सदर इनायत सिद्दीकी ने कहा कि त्योहार दिलों को जोड़ने का जरिया होते हैं।  ईद हमें नफरतों को मिटाकर मोहब्बत, इत्तेहाद और इंसानियत को अपनी जिंदगी में उतारने का पैगाम देती है।उन्होंने प्रशासन से कब्रिस्तान और श्मशान घाटों की सुरक्षा, साफ-सफाई और बाउंड्रीवाल निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निवेदन किया।  वहीं जामा मस्जिद सदर शेख आज़ाद ने कहा कि ईदुल अज़हा कुर्बानी, सब्र और इंसानियत का त्योहार है।  आज हमें आपसी भाईचारा और मोहब्बत को मजबूत करते हुए समाज में अमन और सौहार्द बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। 

          ईदगाह में हर तरफ मोहब्बत, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।  यह मुबारक मौका एक बार फिर यह पैगाम दे गया कि त्योहार सिर्फ खुशियां मनाने का नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और इंसानियत को मजबूत करने का जरिया भी होते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow