जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के चुनाव  के दौरान हुआ विवाद, मामला पहुंचा पुलिस कोतवाली, कांग्रेस नेत्री सावित्री सिंह ने लगाए कलेक्टर पर गंभीर आरोप

Jul 31, 2022 - 11:51
 0  150
जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के चुनाव  के दौरान हुआ विवाद, मामला पहुंचा पुलिस कोतवाली, कांग्रेस नेत्री सावित्री सिंह ने लगाए कलेक्टर पर गंभीर आरोप

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने भी पहले की शिकायत, सावित्री सिंह के ऊपर मामला दर्ज

उमरिया।  बीते 29 जुलाई को जिला पंचायत में हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान अध्यक्ष के चुनाव में दोनों प्रत्यासी भाजपा और कांग्रेस के बीच मामला बराबरी का होने के बाद टॉस कराकर हार-जीत का फैसला किया जाना था जिसमें एक कलश (मटकी) में दोनों प्रत्यासियो के नाम की पर्चियां डाली गई थी, पर्ची निकालने के बाद भाजपा की श्रीमती अनुजा पटेल को विजयी घोषित किया गया। वहीं कांग्रेस प्रत्यासी श्रीमती सावित्री सिंह का आरोप है कि कलश से पर्ची उनके नाम की निकली थी लेकिन कलेक्टर ने पर्ची को बदल दिया है।  इसी बात को लेकर विवाद मच गया और झूमाझटकी की नौबत उत्पन्न हो गई थी। जिसके बाद अब कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती सावित्री सिंह ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

सावित्री सिंह ने कलेक्टर पर लगाये गंभीर आरोप- पहले हराया फिर हांथ पकड़ कर घसीटा

          कांग्रेस पार्टी से अध्यक्ष की उम्मीदवार सावित्री सिंह के द्वारा की गई शिकायत मे कहा गया है कि दिनांक 29 जुलाई 2022 को जिला पंचायत सभागार मे जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जा रहा था। जिसमे वह सभी जिला पंचायत सदस्यों के सांथ भाग लेने गई थी। चुनाव मे प्रार्थिया ने अध्यक्ष पद हेतु नामांकन भरा था। मतदान के बाद प्रार्थिया और उनकी प्रतिद्वंदी श्रीमती अनुजा पटेल को 5-5 वोट मिलने पर लाटरी निकलवाई गई। जिसमे उसके नाम का पर्चा निकला, तभी रिटर्निग आफीसर एवं कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव ने प्रार्थिया के नाम की पर्ची को नीचे अपने दोनो पैरों के घुटनो के बीच मे छिपा लिया। यह देख कर मैने उनसे प्रार्थना की और निष्पक्ष चुनाव का आग्रह किया, जिस पर वे नाराज हो गये। जब सभी सदस्य कलेक्टर के इस कृत्य का विरोध करने लगे, तभी उन्होने टेबल के नीचे छिपाई हुई अनुजा पटेल के नाम की पर्ची निकाली और सब को दिखाने लगे। प्रार्थिया ने कलेक्टर से कहा कि जो पर्ची लाटरी मे निकली है उसे आपने पैरों के बीच मे फंसाया है, उसे निकाल कर दिखाईये। ऐसा कहने पर कलेक्टर ने बडी अश्लीलता के सांथ मेरा हांथ पकड लिया और मेरे साथ छेडखानी, मारपीट और उत्पीडन करने लगे, जिससे घबरा कर वे पीछे हट गई।

          पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होने देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है। उन्होने कहा कि भाजपा के लोग आदिवासियों के उत्थान और सम्मान की बातें करते हैं, परंतु उनके अधिकारी महिला आदिवासी के सांथ जिस तरह का सलूक किया वह सबके सामने है। सावित्री सिंह ने सीएम से पूंछा है कि क्या उनकी नीतियां केवल भाषणो तक ही सीमित हैं। 

          इधर जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में टॉस के दौरान विवाद मामले पर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने भी पूरे मामले की लिखित शिकायत की है। जिस पर कोतवाली पुलिस ने जिला पंचायत में अध्यक्ष की दावेदार कांग्रेस की महिला प्रत्याशी श्रीमती सावित्री सिंह के खिलाफ धारा 353,332,171(ग) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

          इस मामले में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन में कांग्रेस से सावित्री सिंह और भाजपा से अनुजा पटेल प्रत्याशी रही हैं। जिन्हें वोटिंग में दोनो प्रत्याशियों को 5-5 वोट मिलने के कारण टॉस (लाट) प्रक्रिया से पर्ची निकाली गई। जिसके बाद कलश से पर्ची निकलते ही सावित्री सिंह ने पर्ची छीनने का प्रयास किया,और आरोप लगाने लगी कि हमारी पर्ची को बदल दिया गया है। कलेक्टर द्वारा दी गई शिकायत में यह भी उल्लेख है कि पर्ची छीनने के प्रयास में उनका बायां हाथ भी जख्मी हुआ है। कलेक्टर ने बताया कि हंगामा करने की स्थिति में कलश (पात्र) में बची एक पर्ची को भी सभी सदस्यों के बीच निकालकर दिखाया गया था जो सावित्री सिंह के नाम की रही है। सावित्री ने हार होने की संभावना से निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा पहुंचाया है जो अशोभनीय है। हालांकि इस पूरे विवाद में किसका पक्ष कितना मजबूत है यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

          बता दे कि आज शनिवार को सुबह कलेक्टर की शिकायत के बाद शनिवार की दोपहर कांग्रेस नेत्री सावित्री सिंह ने भी कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की है और न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि शिकायत उपरांत सावित्री सिंह अस्वस्थ होने की वजह से जिला अस्पताल में चिकित्सको की निगरानी में भर्ती है। जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow